महिंद्रा एंड महिंद्रा लिमिटेड के फार्म इक्विपमेंट बिजनेस (FEB) ने जुलाई 2025 के ट्रैक्टर बिक्री आंकड़े जारी कर दिए हैं। इस माह कंपनी ने भारतीय बाजार में कुल 26,990 ट्रैक्टरों की बिक्री की है।
यह आंकड़ा जुलाई 2024 में दर्ज 25,587 यूनिट्स की तुलना में 5% अधिक है। इस वृद्धि के पीछे ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर नकद प्रवाह, मानसून की समय पर शुरुआत और खरीफ बुवाई की सकारात्मक स्थिति को जिम्मेदार माना जा रहा है।
घरेलू बिक्री के साथ-साथ निर्यात बाजार में भी महिंद्रा का प्रदर्शन संतोषजनक रहा है। जुलाई 2025 में कंपनी ने अंतरराष्ट्रीय बाजारों में 1,718 ट्रैक्टर यूनिट्स का निर्यात किया, जो पिछले वर्ष जुलाई में भेजे गए 1,622 ट्रैक्टरों की तुलना में 6% अधिक है। यह डेटा कंपनी की वैश्विक मांग और बाजार में स्थिर उपस्थिति को रेखांकित करता है।
जुलाई 2025 में महिंद्रा की कुल ट्रैक्टर बिक्री (घरेलू + निर्यात) 28,708 यूनिट्स रही, जबकि जुलाई 2024 में यह आंकड़ा 27,209 यूनिट्स था।
यानी, कंपनी ने साल-दर-साल आधार पर कुल 6% की वृद्धि दर्ज की है। यह संकेत देता है कि महिंद्रा न केवल घरेलू बल्कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी लगातार मजबूत प्रदर्शन कर रही है।
ये भी पढ़ें: वीएसटी ट्रैक्टर्स की जुलाई 2025 बिक्री रिपोर्ट: जबरदस्त ग्रोथ के संकेत
जुलाई 2025 में महिंद्रा एंड महिंद्रा लिमिटेड ने ट्रैक्टर क्षेत्र में अपनी अग्रणी स्थिति को और अधिक सुदृढ़ किया है। घरेलू और निर्यात दोनों बाजारों में स्थिर वृद्धि दर्शाती है कि कंपनी की रणनीति और उत्पाद किसानों की जरूरतों को बेहतर तरीके से पूरा कर रहे हैं। 9% की YTD ग्रोथ के साथ, महिंद्रा ट्रैक्टर्स का भविष्य भी सकारात्मक और संभावनाओं से भरपूर नजर आ रहा है।