किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य दिलाने के उद्देश्य से सरकार न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर फसलों की खरीद करती है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश में जायद सीजन के दौरान मूंग और मूंगफली की खेती को बढ़ावा देने के लिए इन फसलों की खरीद अब MSP पर की जाएगी।
भारत सरकार ने प्रदेश के किसानों को यह बड़ी राहत दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रयासों के फलस्वरूप प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मूंग और मूंगफली की खरीद को न्यूनतम समर्थन मूल्य पर स्वीकृति दे दी है।
11 जून, बुधवार को केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही के बीच एक वीडियो कॉन्फ्रेंस के दौरान यूपी सरकार ने जानकारी दी कि जायद 2024-25 में राज्य में मूंग की खेती 1.60 लाख हेक्टेयर और मूंगफली की खेती 1.74 लाख हेक्टेयर में की गई है।
खरीफ 2024-25 सीजन के लिए मूंग का न्यूनतम समर्थन मूल्य ₹8,682 प्रति क्विंटल और मूंगफली का ₹6,783 प्रति क्विंटल तय किया गया है। इन्हीं दरों पर जायद सीजन की मूंग और मूंगफली की खरीद की जाएगी।
इस निर्णय से न केवल किसानों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य मिलेगा, बल्कि खेती के प्रति उनका रुझान भी बढ़ेगा।