IMD अलर्ट : दिल्ली - हरियाणा समेत देश के कई राज्यों में बारिश की संभावना, मिल सकती है गर्मी से थोड़ी राहत

By : Tractorbird Published on : 20-May-2025
IMD

मई के चौथे सप्ताह की शुरुआत के साथ भारत के कई राज्यों में मौसम का मिजाज तेजी से बदलने की संभावना है।भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने देशभर में भारी बारिश, गरज-चमक, तेज हवाओं और गर्मी को लेकर व्यापक अलर्ट जारी किया है। 

यह चेतावनी विशेषकर उन क्षेत्रों के लिए महत्वपूर्ण है जहां आगामी दिनों में मौसम की चरम परिस्थितियों का असर देखने को मिल सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार, असम, मेघालय, केरल, माहे और आंतरिक कर्नाटक के कुछ हिस्सों में अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है। 

इसके अलावा, बिहार, कोस्टल कर्नाटक, कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र, रायलसीमा, सब-हिमालयन पश्चिम बंगाल, सिक्किम, तमिलनाडु, पुदुचेरी और कराईकल में भी भारी बारिश का पूर्वानुमान है।

कई स्थानों पर गरज-चमक और ओलावृष्टि की संभावना 

गरज-चमक और ओलावृष्टि की चेतावनी हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ क्षेत्रों में दी गई है। वहीं बिहार, झारखंड, रायलसीमा और विदर्भ में 50-60 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। 

इसके अतिरिक्त असम-मेघालय, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, ओडिशा, त्रिपुरा और पश्चिम बंगाल-सिक्किम जैसे राज्यों में गरज-चमक के साथ 40-50 किमी प्रति घंटा की हवाएं चलने की संभावना है।

कई स्थानों पर चलेगी धूल भरी आंधी और हीटवेव 

गर्मी और धूल भरी आंधी की स्थिति भी गंभीर बनी हुई है। पश्चिमी राजस्थान में धूल भरी आंधी चलने की आशंका है, साथ ही कुछ हिस्सों में हीटवेव की स्थिति भी रह सकती है। 

ओडिशा में गर्मी और उमस से जनजीवन प्रभावित हो सकता है। इसके अलावा, राजस्थान में रात के तापमान में भी सामान्य से अधिक वृद्धि दर्ज की जा सकती है, जिससे राहत की उम्मीद कम है।

इन परिस्थितियों को देखते हुए नागरिकों को सलाह दी जाती है कि वे मौसम विभाग की ताजा जानकारियों पर नजर बनाए रखें, गैरजरूरी यात्रा से बचें और सतर्कता बरतें। 

किसान भाइयों को भी यह सुझाव दिया गया है कि वे मौसम के अनुसार अपनी फसलों की सुरक्षा की उचित योजना बनाएं।

Join TractorBird Whatsapp Group

Categories

Similar Posts