भारतीय मौसम विभाग ने बिहार में सामान्य से भी 29% फीसद कम वर्षा दर्ज की

By : Tractorbird News Published on : 25-Jul-2024
भारतीय

सावन महीना शुरू होते ही मौसम ने करवट बदल ली है। भयंकर गर्मी से त्रस्त जनमानस को सावन के दस्तक में बारिश की सौगात से काफी सुकून मिला है। 

भारतीय मौसम विभाग द्वारा देशभर में मूसलाधार बारिश की चेतावनी जारी की गई है। लेकिन, बिहार राज्य में इस बार मानसून का मिजाज सुस्त नजर आ रहा है। 

मानसून में इस बार सामान्य से 29 फीसदी कम बारिश हुई है। बुधवार को कई इलाकों में तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी भी दर्ज की गई। 

बिहार में मॉनसून पिछले 15 दिनों से अभी भी काफी कम दिखाई पड़ रहा है। बिहार के किसी भी जनपद में सक्रिय रूप से भारी बारिश दर्ज नहीं की गई है। 

पिछले तीन दिनों से दक्षिण बिहार के जिलों में हल्की तो कुछ-कुछ जगहों पर मध्यम स्तर की वर्षा दर्ज की गई है। 

मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार बिहार में मॉनसून की गतिविधि काफी कमजोर हो रही है। अभी तक मॉनसून अवधि के दौरान सामान्य से 29% प्रतिशत कम बारिश हुई है।

मानसून द्रोणी रेखा की जानकारी 

IMD द्वारा आज के विश्लेषण के मुताबिक, मानसून द्रोणी रेखा बीकानेर, सीकर, ग्वालियर, सिद्धि और डाल्टनगंज से गुजर रही है। 

एक चक्रवातीय परिसंचरण झारखंड और उसके समीपवर्ती इलाके में समुद्री तल से औसत 7.6 किलोमीटर ऊपर बना हुआ है। 

इसके प्रभाव से आगामी 48 घंटे के दौरान मौसम में कोई खास बदलाव की संभावना नहीं है।

बिहार के इन क्षेत्रों में अच्छी बारिश होने की संभावना 

  • मौसम विभाग के मुताबिक, राज्य के दक्षिण क्षेत्र में राजधानी पटना समेत समस्त 19 जनपदों में हल्की अथवा मध्यम स्तर की वर्षा दर्ज की जा सकती है। 
  • इनमें बांका, शेखपुरा, नवादा, गया, औरंगाबाद, रोहतास, भागलपुर, मुंगेर और जमुई शामिल हैं। कहीं-कहीं अत्यधिक बारिश होने की भी काफी संभावना है। 
  • लेकिन, बारिश 50 MM से नीचे ही रहने वाली है। उत्तर बिहार के पूर्वी इलाकों पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज और सुपौल में हल्की या मध्यम स्तर की बारिश होने की उम्मीद जताई गई है। 
  • वैसे, मौसम विभाग ने आज राज्य के 26 जनपदों में हल्की या मध्यम स्तर की वर्षा की चेतावनी दी है।

बिहार के किन जिलों में कितनी वर्षा दर्ज की गई ?

  • वहीं, दक्षिण बिहार के जनपदों एवं उत्तर बिहार के कुछ जिलों में 25 जगहों पर मध्यम स्तर से लेकर हल्की बारिश तो कहीं-कहीं बूंदाबांदी दर्ज की गई। 
  • मंगलवार को दिन के 12 बजे के बाद और बुधवार के दिन 12 बजे के बीच सबसे ज्यादा बारिश भभुआ के भगवानपुर में 54.4 मिलीमीटर दर्ज की गई। 
  • बोधगया जनपद में 39.4, औरंगाबाद में 32.4, रोहतास में 26.8, गया में 24 जमुई में 21.6, पटना में 21, कटिहार में 19 MM बारिश दर्ज की गई है। 
  • इसके अतिरिक्त बुधवार के दिन और देर रात तक मुंगेर, भागलपुर, पूर्णिया, बांका, बेगूसराय, नालंदा, जहानाबाद, मुजफ्फरपुर, वैशाली, नवादा, लखीसराय, शेखपुरा, मधुबनी, अरवल, सीतामढ़ी, भोजपुर और बक्सर जनपद में हल्की बारिश दर्ज की गई है। 

बिहार के किस इलाके में क्या तापमान रहा ?

बिहार के तापमान में कल सकारात्मक परिवर्तन की अपेक्षा तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। पटना के तापमान में 0.9 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है, जिससे तापमान 34.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। 

सबसे ज्यादा तापमान सीतामढ़ी में 37.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। दिन में सबसे कम तापमान समस्तीपुर में 32.2 डिग्री सेल्सियस रहा है। 

बिहार के औसतन तापमान की बात करें तो वह 34 डिग्री से 35 डिग्री के मध्य ही दर्ज हुआ है।

Join TractorBird Whatsapp Group

Categories

Similar Posts

Ad