स्वचलित वर्टिकल कन्वेयर रीपर के फीचर्स और सब्सिड़ी से जुड़ी सम्पूर्ण जानकारी
By : Tractorbird News Published on : 10-Mar-2025
आजकल फसल कटाई के समय किसानों को मजदूरों की कमी के चलते कई समस्याओं का सामना करना पड़ता है, जिससे कटाई में देरी और उत्पादन लागत में वृद्धि होती है।
इसी कारण कृषि कार्यों में मशीनों का उपयोग तेजी से बढ़ रहा है। विशेष रूप से हार्वेस्टर का उपयोग गेहूं और धान जैसी फसलों की कटाई के लिए अधिक लोकप्रिय हो गया है।
हालांकि, हार्वेस्टर की सीमित उपलब्धता के कारण किसानों को समय पर यह सुविधा भी नहीं मिल पाती है। ऐसे में रीपर कृषि यंत्र एक अच्छा विकल्प हो सकता है।
रीपर कृषि यंत्र के कई प्रकार बाजार में उपलब्ध हैं, जिनमें स्वचालित वर्टिकल कन्वेयर रीपर, ट्रैक्टर चालित वर्टिकल कन्वेयर रीपर और स्वचालित रीपर प्रमुख हैं।
किसान अपनी आवश्यकताओं के अनुसार इनमें से कोई भी यंत्र खरीद सकते हैं। रीपर खरीदने के लिए सरकार किसानों को सब्सिडी भी प्रदान करती है।
स्वचालित वर्टिकल कन्वेयर रीपर (Self Propelled Conveyor Reaper)
- यह इंजन संचालित मशीन होती है, जिसे चलाने के लिए किसान को मशीन के पीछे चलना पड़ता है। यह गेहूं, धान और तिलहन जैसी फसलों की कटाई के लिए उपयुक्त है।
- इसमें इंजन, पावर ट्रांसमिशन बॉक्स, कटर बार, फसल पंक्ति डिवाइडर, कन्वेयर बेल्ट, स्टार व्हील, ऑपरेटिंग कंट्रोल और एक मजबूत फ्रेम लगा होता है।
- इंजन द्वारा उत्पन्न ऊर्जा बेल्ट पुली के माध्यम से कटर बार और कन्वेयर बेल्ट तक पहुंचाई जाती है।
- यह मशीन फसल को काटने के बाद खड़ी अवस्था में एक तरफ गिराती जाती है, जिससे फसल आसानी से एकत्रित कर गट्ठे बनाए जा सकते हैं।
- इस यंत्र का उपयोग करने से फसल के बिखरने और नुकसान की संभावना कम हो जाती है।
- साथ ही, किसान इस यंत्र के माध्यम से अपनी फसल को बिना किसी अन्य व्यक्ति पर निर्भर हुए कम समय में काट सकते हैं।
ये भी पढ़ें: कृषि यंत्रो पर मिलेगी सब्सिड़ी किसान 11 मार्च 2025 तक कर सकते है आवेदन
स्वचालित वर्टिकल कन्वेयर रीपर की बनावट
- इस यंत्र की लंबाई लगभग 2570 मिमी, चौड़ाई 1850 मिमी और ऊँचाई 1250 मिमी होती है। इसका वजन 85 से 145 किलोग्राम के बीच हो सकता है।
- इसमें 4 से 6 तक फसल पंक्ति डिवाइडर लगे होते हैं और कटर बार में दांतेदार V आकार के ब्लेड लगे होते हैं।
- यह मशीन डीजल इंजन की सहायता से कार्य करती है और प्रति घंटे 0.20 से 0.40 हेक्टेयर तक फसल की कटाई कर सकती है।
सेल्फ प्रोपेल्ड वर्टिकल कन्वेयर रीपर पर कितनी सब्सिडी मिलती है ?
- केंद्र सरकार की सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन योजना के तहत किसानों को इस यंत्र पर सब्सिडी प्रदान की जाती है।
- अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, लघु, सीमांत और महिला किसानों को इस मशीन पर 50% तक सब्सिडी मिलती है, जबकि अन्य किसानों को 40% तक का अनुदान दिया जाता है।
- इसके अतिरिक्त, कुछ राज्य सरकारें अपने विशेष कार्यक्रमों के तहत किसानों को 40 से 80% तक की सब्सिडी भी प्रदान करती हैं।
स्वचालित वर्टिकल कन्वेयर रीपर कृषि यंत्र की कीमत
बाजार में विभिन्न कंपनियों के स्वचालित वर्टिकल कन्वेयर रीपर कृषि यंत्र उपलब्ध हैं, जिनकी कीमत लगभग ₹80,000 से ₹1,30,000 तक हो सकती है।
किसान अपनी जरूरत के अनुसार अपने नजदीकी डीलर या निर्माता के पास जाकर मोल-भाव कर यह यंत्र खरीद सकते हैं।
यदि किसान इस यंत्र को सरकारी योजना के तहत खरीदना चाहते हैं, तो उन्हें अपने ब्लॉक या जिले के कृषि विभाग में आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन करना होगा।
चयन होने के बाद किसान को सब्सिडी का लाभ प्राप्त होगा, जिससे इस यंत्र की लागत में उन्हें राहत मिलेगी।